वन्यजीव रक्षक साहिल शर्मा ने पंजाब से आकर कानपुर में सांपों के साथ क्रूरता करने वाली नाटक मंडली को पकड़वाया, जिससे सात सांप बरामद हुए।
जागरण संवाददाता, कानपुर। वन्यजीव रक्षक व पर्यावरणविद साहिल शर्मा ने पंजाब से शहर पहुंचकर सांपों के साथ क्रूरता करने वाली नाटक मंडली को पकड़वाया है। मंडली के पास से सात सांप बरामद गए हैं। वन विभाग ने मुकदमा दर्ज कर नाटक मंडली को न्यायालय में पेश किया है। नाटक मंडली मंदिरों व अन्य स्थानों पर होने वाले आयोजनों व झांकियों में भगवान शंकर सहित अन्य देवताओं का रूप धारण करती थी।
साहिल शर्मा ने इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित वीडियो में देखा कि नाटक मंडली कार्यक्रमों व झांकियों में सांपों के साथ खिलावाड़ कर रही है, उनके साथ क्रूरता की जा रही है। उन्होंने बताया कि जानकारी करने पर पता चला कि वीडियो कानपुर के हैं। उन्होंने कानपुर में अपने संपर्क सूत्रों से इसकी जानकारी करने को कहा। उनको जानकारी मिली की गंगा बैराज के स्थित मंदिर में कार्यक्रम होने वाला है जिसमें झांकी भी सजेगी और नाटक मंडली सांपों के साथ शामिल होगी।
उन्होंने इसकी सूचना वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो के साथ जिले के वन विभाग को दी। साहिल अपनी टीम के साथ शहर पहुंच गए। इसके बाद वनविभाग की टीम को लेकर गंगा बैराज स्थित मंदिर गे। वहां मंडली में शामिल अंकित यादव, गुलाब सिंह, रिषभ कुमार, रोहित, अनिकेत, सूरज व किन्नर ईशू को पकड़ लिया गया। उनके पास से सांप बरामद किए गए हैं। इन सांपों को अनाधिकृत रूप से रखकर उनका प्रदर्शन किया जाता था।
